home page

महापौर ने मल्कागंज वार्ड का किया निरीक्षण, अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के दिये आदेश

 | 
महापौर ने मल्कागंज वार्ड का किया निरीक्षण, अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के दिये आदेश


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को उत्तरी क्षेत्र में स्थित मल्कागंज वार्ड की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर प्रवेश वाही ने लगभग दो किलोमीटर चलकर मल्कागंज वार्ड की मुख्य सड़क पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।

प्रवेश वाही ने मल्कागंज चौक पर स्थित पार्क से स्वयं मलबा हटाया एवं मुख्य मार्ग की जेटिंग मशीन से सफाई की। उन्होंने मल्कागंज मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति पर नाराजगी जताई और इसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिक्रमण करने वालों के चालान करने के आदेश दिए।

उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महापौर ने एक स्वच्छता कर्मी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया एवं उसका नाम पुरस्कार के लिए भेजने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि बिना जनभागीदारी के यह कार्य संभव नहीं है। उन्होंने दिल्ली को स्वच्छ बनाने के लिए जनता का सहयोग मांगा।

साथ ही, महापौर ने तिमारपुर में स्थित बालकराम अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन एवं सीरम की प्रचुर उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया और लैब का भी निरीक्षण किया।

महापौर ने अस्पताल में आए रोगियों से बातचीत कर डाक्टरों एवं दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। मुख्य सड़क से अस्पताल की अप्रोच रोड बनाने के कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निगम अपने अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान तिमारपुर के विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, स्थानीय पार्षद रेखा, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त सचिन गुप्ता, अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ पूनम सरीन सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी