home page

महापौर ने बादली क्षेत्र का किया निरीक्षण, मौके पर कराया समाधान

 | 
महापौर ने बादली क्षेत्र का किया निरीक्षण, मौके पर कराया समाधान


नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को सिविल जोन के अंतर्गत बादली क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा कर नागरिकों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बादली क्षेत्र में जगह-जगह फैली गंदगी, सड़कों पर पड़े मलबे तथा बदहाल सफाई व्यवस्था को देखकर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि सफ़ाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर स्वयं मौके पर खड़े रहे और निगम कर्मचारियों से अपने सामने मलबा उठवाने एवं सफाई कार्य शुरू करवाया। उन्होंने स्वयं भी अपने हाथों से कूड़ा उठाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को यह संदेश दिया कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता के प्रति निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

महापौर प्रवेश वाही ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के दुकानदारों एवं व्यापारियों से भी संवाद किया और उन्हें अपनी दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से कूड़ेदान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। यदि नागरिक एवं व्यापारी वर्ग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तो राजधानी को साफ-सुथरा एवं बेहतर बनाया जा सकता है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम लगातार जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रहा है तथा वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। जहां कहीं भी सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, मलबा उठाने या नागरिक सुविधाओं में कमी पाई जा रही है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित सफाई, समयबद्ध कूड़ा उठान एवं मलबा हटाने की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

सिविल लाइंस जोन के अंतर्गत बादली क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान विधायक दीपक चौधरी, क्षेत्रीय निगम पार्षद गायत्री यादव, क्षेत्रीय उपायुक्त शशि प्रताप सिंह सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी