home page

महापौर ने केशवपुरम जोन का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

 | 
महापौर ने केशवपुरम जोन का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को केशवपुरम जोन के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अशोक विहार स्थित प्रेरणा चौक पर चल रहे मुनक नहर परियोजना एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रेरणा चौक ड्रेन तथा जल बोर्ड कार्यालय के समीप नाले पर स्लैब डालने की संभावनाओं पर शीघ्र कार्यवाही की जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर त्रिनगर वार्ड की पार्षद मीनू गोयल भी उपस्थित रहीं।

इसके उपरांत महापौर ने त्रिनगर वार्ड का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को त्रिनगर चौक पर पार्किंग सुविधा विकसित करने की संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन सभी स्थानों को तत्काल साफ करने के निर्देश दिए जहां से ढलाव बंद कर फिक्स्ड कंपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन में स्थानांतरित किए गए हैं।

महापौर ने क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की और अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महापौर प्रवेश वाही ने विधायक पूनम शर्मा भारद्वाज के साथ अशोक विहार फेज-3 क्षेत्र में एन सी ए पी के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहां निर्मित नई सड़क का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा महापौर ने वजीरपुर झुग्गी-झोपड़ी कॉलोनी क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां कबाड़ियों द्वारा किए गए अतिक्रमण के मामले सामने आए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने तथा सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘12 साल, सुशासन के’ मंत्र से प्रेरणा लेकर जन कल्याण कार्यों को आगे बढ़ाने और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विकास के विजन को लागू करने के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उनके साथ निगमायुक्त संजीव खिरवार, उपायुक्त मोहित बंसल, प्रमुख अभियंता प्रमुख पी.सी. मीणा सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी