महापौर प्रवेश वाही ने सुभाष नगर में पहले ‘रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकल’ केंद्र का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को पश्चिमी क्षेत्र के अंतर्गत सुभाष नगर में ‘रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकल’ केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य घरेलू रद्दी ओर कम उपयोगी सामग्री की मात्रा को कम करना, उपयोगी वस्तुओं का पुनः इस्तेमाल सुनिश्चित करना तथा पुनर्चक्रण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। यह केंद्र निगम के पुराने ढलाव घर का पुनर्विकास कर बना है जिसे आज नागरिकों को समर्पित किया गया।
उद्घाटन के अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि संसाधन सीमित होने की वजह से पुनर्प्रयोग की अवधारणा के अंतर्गत कचरे को कम करना, वस्तुओं का पुनः उपयोग करना और पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करना शामिल है। इस पहल से दिल्ली के नागरिकों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को प्रोत्साहित करने में सहायता मिलेगी।
महापौर ने बताया कि नगर निगम इस प्रकार की पहल के माध्यम से संसाधनों के बेहतर उपयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ और टिकाऊ शहरी व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। निकट भविष्य में पश्चिमी क्षेत्र के सभी वार्डों में नागरिकों के लिए आरआरआर केंद्र बनाए जाएंगे ।
वाही ने कहा कि निगम का यह प्रयास नागरिकों को कचरा कम करने, उपयोगी वस्तुओं को दोबारा इस्तेमाल करने और पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को उचित तरीके से अलग करने के लिए प्रेरित करेगा। इससे स्वच्छ दिल्ली के निर्माण और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

