महापौर ने रोहिणी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 35 वाहनों को दिखाई हरि झंडी
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को रोहिणी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 35 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता बेड़े में शामिल किया।
इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को साफ एवं स्वच्छ रखना हमारी प्राथमिकता है और दिल्ली नगर निगम इस दिशा में हर संभव प्रयास कर रहा है।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में दिल्ली नगर निगम द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज रोहिणी क्षेत्र के स्वच्छता बेड़े को सुदृढ़ करने के लिए 35 वाहनों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के शामिल होने से रोहिणी क्षेत्र के कूड़ा प्रबंधन के आधारभूत ढांचे को बल मिलेगा एवं क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी बेहतर होगी।
प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वच्छ एवं हरित दिल्ली का जो लक्ष्य रखा है उसकी पूर्ति के लिए दिल्ली नगर निगम हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि रोहिणी क्षेत्र के स्वच्छता बेड़े में आज हाइवा ट्रक, जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर ट्रॉली, डंपर इत्यादि वाहनों को शामिल किया है जिनकी मदद से क्षेत्र में कूड़ा उठाने के कार्य में तेजी आएगी।
महापौर ने कहा कि दिल्ली को साफ एवं स्वच्छ बनाने के मिशन में हमें जनता का सहयोग भी चाहिए। उन्होंने दिल्ली के नागरिकों से अनुरोध किया कि वो कूड़े को स्त्रोत पर ही पृथक करके कूड़े की गाड़ी में डालें। प्रवेश वाही ने कहा कि नए अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुसार कूड़े को चार जगह पृथक करके डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को हम अपनी आदत में शुमार करके दिल्ली को साफ एवं स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर रोहिणी क्षेत्र के अध्यक्ष अमृत जैन, रोहिणी क्षेत्र के डिप्टी चेयरमैन नरेंद्र कुमार सिंह,रोहिणी क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही सहित दिल्ली नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

