home page

साइबर ठगी के लिए बैंक खाते बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 15 डेबिट कार्ड समेत बैंकिंग किट बरामद

 | 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठगी, अवैध ऑनलाइन गेमिंग और गैरकानूनी वित्तीय लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क का शाहदरा जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने नेटवर्क के एक अहम सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर निवासी भाग सिंह (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से छह मोबाइल फोन, 15 डेबिट कार्ड, नौ चेकबुक, चार पासबुक और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में आरोपी से जुड़े दो बैंक खाते देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज कई साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर की गई 2.22 लाख रुपये की ठगी की जांच के दौरान हुआ। पीड़ित को इंस्टाग्राम पर आकर्षक रिटर्न का लालच देने वाला संदेश भेजा गया था। इसके बाद उसे एक ऑनलाइन निवेश ग्रुप में जोड़कर मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाया गया। जालसाजों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 2,22,488 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में न तो उसे मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस की गई। इस संबंध में पांच जुलाई 2026 को साइबर थाना शाहदरा में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने पीड़ित के बैंक खातों और लेनदेन का विश्लेषण किया। इसमें पता चला कि ठगी की रकम में से करीब 80 हजार रुपये अंकिता एंटरप्राइजेज के नाम से संचालित बैंक खाते में भेजे गए थे। इसके बाद पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड, आईपी लॉग, मोबाइल नंबरों, डिजिटल गतिविधियों और लोकेशन की पड़ताल की। तकनीकी जांच और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर भाग सिंह की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसे 18 नवंबर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ऐसे नेटवर्क से जुड़ा था, जिसके सदस्य कमीशन के बदले अलग-अलग लोगों के बैंक खाते जुटाते थे। इन खातों से जुड़े डेबिट कार्ड, चेकबुक, पासबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज एकत्र कर नेटवर्क के दूसरे सदस्यों तक पहुंचाए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि इन खातों का इस्तेमाल अवैध ऑनलाइन गेमिंग और अन्य गैरकानूनी वित्तीय गतिविधियों में भी किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, भाग सिंह बैंक खाते खुलवाने से लेकर उनसे संबंधित दस्तावेज और बैंकिंग किट जुटाने तथा उन्हें नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का काम करता था। इसके लिए वह परिवहन के अलग-अलग साधनों का इस्तेमाल करता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से छह मोबाइल फोन, 15 डेबिट कार्ड, नौ चेकबुक, चार पासबुक और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं।

शुरुआती जांच में दो बैंक खाते देश के अलग-अलग हिस्सों से मिली कई साइबर अपराध की शिकायतों से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही ठगी की रकम के पूरे नेटवर्क, उसके अंतिम लाभार्थियों और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

आरोपी भाग सिंह मूल रूप से उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले का रहने वाला है। वह फिलहाल दिल्ली के बापरोला स्थित जय विहार में रह रहा था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी