उपराज्यपाल ने संजय झील के जीर्णोद्धार और कायाकल्प के कामों का लिया जायजा
नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गुरुवार को पूर्वी दिल्ली स्थित संजय झील का दौरा करते हुए वहां चल रहे जीर्णोद्धार और कायाकल्प के कामों का जायजा लिया। मौके पर निरीक्षण के दौरान दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपराज्यपाल को 52 एकड़ में फैली झील और इसके आस-पास के 165 एकड़ के संरक्षित जंगल को फिर से जीवंत करने की चरणबद्ध कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी।
उपराज्यपाल सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण 'ब्लू-ग्रीन' (जल और हरियाली वाले) क्षेत्र को हर मौसम में इस्तेमाल लायक और साफ-सुथरी मनोरंजक जगह बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने डल्लूपुरा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से साफ पानी की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड को संचालित पाइपलाइन की मरम्मत का काम तेजी से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि झील को बचाने और उसे फिर से जीवंत करने के लिए लगातार खरपतवार हटाने, काई (शैवाल) साफ करने और जियो-टेक्सटाइल तकनीक का इस्तेमाल करके तटबंधों की ढलानों को मज़बूत करने का काम पहले से ही चल रहा है। आने वाले चरणों में रुके हुए पानी के बहाव को ठीक करने, भूजल रिचार्ज को बढ़ाने के लिए बायो-स्वेल्स लगाने, बायो-रेमेडिएशन के उपाय करने और पानी में घुली ऑक्सीजन का स्तर बेहतर बनाने के लिए एरेटर और फव्वारे लगाने पर ध्यान दिया जाएगा।
उपराज्यपाल ने कहा कि इसके अलावा 5,000 देसी पेड़ लगाकर इलाके की पारिस्थितिक जैव-विविधता को समृद्ध किया जाएगा। हम संजय झील को उसकी पुरानी शान वापस दिलाने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

