home page

उपराज्यपाल ने की अग्निशमन सेवा के कामकाज, ग्रीष्मकालीन कार्य योजना की समीक्षा

 | 
उपराज्यपाल ने की अग्निशमन सेवा के कामकाज, ग्रीष्मकालीन कार्य योजना की समीक्षा


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गुरुवार को दिल्ली अग्निशमन सेवा के कामकाज और ग्रीष्मकालीन कार्य योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे के उन्नयन और कर्मियों की क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया ताकि दिल्ली की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को बेहतर बनाया जा सके।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि दिल्ली अग्निशमन सेवा नियम, 2010 में प्रस्तावित संशोधनों की जांच करते समय, निवासियों, व्यापारियों और कारोबारियों के साथ व्यापक परामर्श की आवश्यकता पर जोर दिया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ढांचा समावेशी, व्यावहारिक और प्रभावी हो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप, प्रत्येक नियामक ढांचे को 'जीवन की सुगमता' और 'व्यापार करने की सुगमता' को बढ़ावा देना चाहिए - नागरिकों के लिए अनावश्यक बाधाएं पैदा किए बिना मजबूत अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहिए।

उपराज्यपाल ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए विभाग की ग्रीष्मकालीन कार्य योजना की भी समीक्षा की गई और कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, नागरिकों को निवारक उपायों, नियामक सुरक्षा उपायों और प्रभावी आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं के बारे में शिक्षित करने के लिए एक व्यापक जन जागरूकता अभियान के महत्व पर बल दिया गया।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान उपराज्यपाल ने आज दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के साथ ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुए। कर्तव्य की राह में अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की जान बचाना, यही सच्ची बहादुरी है।

उपराज्यपाल ने कहा कि अग्निशमन सेवा सप्ताह का मूल मंत्र हम सेवा करते हैं, बचाने के लिए को दोहराने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस वर्ष का विषय इस बात की सशक्त याद दिलाता है कि अग्नि सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, मिलकर एक सुरक्षित दिल्ली का निर्माण और हमारे मौन नायकों को सलाम करें।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव