उपराज्यपाल ने पोस्को एक्ट के सभी मामलों पर तुंरत कार्रवाई का दिया निर्देश
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त को पोस्को एक्ट के तहत दर्ज सभी मामलों में संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ त्वरित और पूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित उपायों को न केवल 'बाल संरक्षण माह' के दौरान, बल्कि हमेशा प्राथमिकता के तौर पर लागू किया जाए।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को 'बाल संरक्षण माह' के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही पहलों और अभियानों की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मुख्य सचिव राजीव वर्मा, दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों मौजूद रहे। यह जानकारी सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की गई है।
बैठक में उपराज्यपाल ने पहले पहली बार अपराध करने वाले किशोरों की काउंसलिंग और पुनर्वास पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें सुधरने और समाज की मुख्यधारा में लौटने का मौका मिला चाहिए। उन्होंने हर बच्चे की सुरक्षा की पहली कड़ी के तौर पर माता-पिता और शिक्षकों की अहम भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने हर बच्चे की सुरक्षा, सम्मान और भलाई के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

