उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के सांसदों के साथ राजधानी के विकास को लेकर की चर्चा
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली के सांसदों और दिल्ली विकास प्राधिकऱण (डीडीए) अधिकारियों के साथ राजधानी के समावेशी विकास को लेकर बैठक की। बैठक में चर्चा का मुख्य केंद्र आवास, भूमि और नागरिक अवसंरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन में डीडीए की भूमिका को मजबूत करना था। बैठक में सांसद हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज और प्रवीण खंडेलवाल मौजूद रहे।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बैठक में सार्वजनिक सुविधाओं में तेजी लाने, स्थानीय अवसंरचना आवश्यकताओं को पूरा करने और दिल्ली भर में जमीनी स्तर पर वितरण तंत्र को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि सहयोग की यह साझा भावना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत पहल और राजधानी में निर्बाध प्रगति सुनिश्चित करने के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाती है।
उपराज्यपाल ने कहा कि हम सब मिलकर मजबूत अवसंरचना के निर्माण और विश्व स्तरीय विकसित दिल्ली के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

