home page

स्वच्छता की शुरुआत जनभागीदारी से, श्रमदान को जनआंदोलन बनाएं : उपराज्यपाल

 | 
स्वच्छता की शुरुआत जनभागीदारी से, श्रमदान को जनआंदोलन बनाएं : उपराज्यपाल


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को शकूरपुर स्थित दुर्लभ नाथ वाटिका में दिल्ली नगर निगम द्वारा आयोजित सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने निगम कर्मचारियों और ‘वृक्षित फाउंडेशन’ के युवा स्वयंसेवकों के साथ पार्क में श्रमदान किया और स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

उपराज्यपाल ने कहा कि स्वच्छ और साफ-सुथरी दिल्ली की शुरुआत जनभागीदारी से होगी। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने आस-पड़ोस की जिम्मेदारी लें और ‘श्रमदान’ को जनआंदोलन बनाएं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि स्वयंसेवकों द्वारा साफ किए गए पार्क को आगे भी स्वच्छ बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था दिल्ली नगर निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। जैसे लोग अपने घरों को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी तरह अपने आसपास और मोहल्लों को भी स्वच्छ रखना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत बनाने का आह्वान किया।

उपराज्यपाल ने कहा कि आज हर व्यक्ति के पास कैमरे वाला मोबाइल फोन है। ऐसे में नागरिक अपने आसपास की समस्याओं और गंदगी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर सोशल मीडिया पोस्ट की निगरानी करते हैं और प्रमुखता से उठाई गई शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के प्रयास किए जाते हैं।

इस दौरान उपराज्यपाल ने पार्कों में आवारा जानवरों की समस्या का भी संज्ञान लिया। उन्होंने नागरिकों से पार्कों में जानवरों के लिए रोटियां अथवा अन्य खाद्य सामग्री नहीं छोड़ने की अपील की, क्योंकि इससे आवारा जानवर पार्कों में एकत्रित होते हैं। उन्होंने दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों को पार्कों में आवारा जानवरों की समस्या से निपटने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ में योगदान देना चाहिए। दिल्ली को साफ, स्वच्छ और विकसित बनाए रखना सभी का सामूहिक कर्तव्य है।

इसके बाद उपराज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति भी मां की तरह हमारा पालन-पोषण करती है और उसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ मनाने के निर्देशों के तहत दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उपराज्यपाल सचिवालय ने अभियान की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नियुक्त करने तथा अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों की रिपोर्ट और तस्वीरें नियमित रूप से भेजने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद किशन लाल और अजय रवि हंस, निगमायुक्त संजीव खिरवार, उत्तरी क्षेत्र की उपायुक्त, निगम अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी