उपराज्यपाल दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के सीडीई-आईईडीएस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हुए शामिल
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में सीडीई-आईईडीएस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिष्ठित विद्वानों, शिक्षाविदों और छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए आर्थिक विकास, जनसांख्यिकीय परिवर्तन और पर्यावरणीय स्थिरता के बीच महत्वपूर्ण अंतरसंबंध पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृष्टिकोण है कि विकास और पर्यावरण प्रबंधन को साथ-साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा ध्यान आर्थिक रूप से गतिशील, तकनीकी रूप से नवीन और पर्यावरण की दृष्टि से जिम्मेदारी के निर्माण पर रहता है।
उपराज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के लिए दिल्ली जैसे तेजी से बढ़ते शहरी केंद्रों को मानव क्षमता को अवसर के साथ जोड़कर, हरित आवरण का विस्तार करके, स्थायी शहरी योजना को मजबूत करके और दीर्घकालिक लचीलेपन के लिए नवीकरणीय ऊर्जा में निवेश करके मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।
इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह के साथ प्रतिष्ठित विद्वान, शिक्षाविद और छात्रभी उपस्थित रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

