home page

भारतीय युवा कांग्रेस ने की 'बेहतर दिल्ली अभियान' की शुरुआत

 | 
भारतीय युवा कांग्रेस ने की 'बेहतर दिल्ली अभियान' की शुरुआत


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस मुख्यालय से शुक्रवार को 'बेहतर दिल्ली अभियान' कार्यक्रम की शुरुआत की। एआईसीसी कोषाध्यक्ष अजय माकन, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, दिल्ली युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव खुश्बू शर्मा ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में ‘बेहतर दिल्ली अभियान’ का पोस्टर और मिस कॉल नंबर भी लॉन्च किया।

एआईसीसी कोषाध्यक्ष ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस आज दिल्ली से अभियान की शुरू कर रही है। अभियान के तहत युवा कांग्रेस शहरी क्षेत्र में लोगों के बीच में जाएगी और उनकी समस्याओं पर चर्चा करने का साथ-साथ उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाएगी।

अजय माकन ने कहा कि देश के अंदर करीब 40 फीसद आबादी शहरों में रह रही है। मगर आज जिस तरह से युवा कांग्रेस ने इन समस्याओं को उठाना शुरू किया, वैसा कभी भी किसी ने नहीं किया।

देवेंद्र यादव ने कहा कि ‘बेहतर दिल्ली' के सपने को पूरा करने के लिए युवा कांग्रेस के नेतृत्व में एक अभियान की शुरुआत हो रही है। इस अभियान की शुरुआत के लिए दिल्ली से अच्छा कोई विकल्प नहीं हो सकता था। जिस दिल्ली ने कभी बेहतरीन आयाम छुए थे, आज उसके हालात सबके सामने हैं। मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी युवा कांग्रेस ने उठाई है।

उदय भानु चिब ने कहा कि यह अभियान दिल्ली के लोगों और उन बच्चों के लिए है, जो प्रदूषण से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये वही दिल्ली है, जिसे 'ग्रीन कैपिटल ऑफ वर्ल्ड' बोला जाता था, जहां कांग्रेस सरकार के समय 22 फीसद से ज्यादा ग्रीन कवर बढ़ा था। लेकिन आज दिल्ली को 'पॉल्यूशन कैपिटल ऑफ वर्ल्ड' और 'गैस चेंबर' कहा जाता है।

उदय भानु चिब ने कहा कि दिल्ली में हर मौसम की अलग समस्याएं हैं, जैसे- गर्मी में यहां पीने का पानी नहीं मिलता। ऐसे में हम लोगों के बीच जाकर इस समस्या पर बात करेंगे और इसका समाधान खोजेंगे, बारिश के मौसम में दिल्ली की सड़कों में पानी भर जाता है। इस वक्त डेंगू का कहर भी बढ़ जाता है, लेकिन इस बारे में कोई चर्चा नहीं होती, सर्दियों में दिल्ली प्रदूषण से जूझती है। युवा कांग्रेस इन समस्याओं को लेकर लोगों के बीच जाकर चर्चा करेगी और समाधान के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि 'बेहतर दिल्ली अभियान' के तहत दिल्ली से कूड़े के ढेर खत्म करने, जल भराव की समस्या खत्म करने, दिल्ली की जनता को 24 घंटे साफ पानी , दिल्ली के स्कूलों में सीसीटीवी के साथ बेहतर सुरक्षा, दिल्ली से प्रदूषण को खत्म करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा दिल्ली की सारी इंडस्ट्रीज को शहर से बाहर ले जाने, निगम के पिछले 20 साल का हिसाब-किताब सार्वजनिक करने, दिल्ली की जनता के लिए काम हो, विज्ञापन पर पैसे खर्चना बंद करने जैसा हमारी मांगे है।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि दिल्ली युवा कांग्रेस ने साफ हवा और गिग वर्कर्स के रोजगार के लिए मजबूती से आवाज उठाई थी। अब हम 'बेहतर दिल्ली' अभियान लेकर आ रहे हैं, जिसमें हम लोगों की समस्याओं को नुक्कड़ से लेकर विधानसभा तक उठाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव