home page

निर्माणाधीन हॉस्टल का स्लाइडिंग गेट गिरा, सुरक्षा गार्ड की मौत

 | 

नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। नई दिल्ली जिले के केजी मार्ग स्थित निर्माणाधीन हॉस्टल में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली कनेक्शन का काम करने के दौरान अचानक स्लाइडिंग गेट गिर गया और उसकी चपेट में आने से सुरक्षा गार्ड धर्मपाल (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहोशी की हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को शाम करीब 5:08 बजे संसद मार्ग थाना पुलिस को सूचना मिली कि केजी मार्ग स्थित निर्माणाधीन हॉस्टल में स्लाइडिंग गेट गिरने से एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया है।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल धर्मपाल को अस्पताल ले जाया जा चुका है। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। धर्मपाल हरदोई जिले के गणेशपुर गांव के रहने वाले थे। वह निर्माणाधीन हॉस्टल में सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी करते थे। पूछताछ में धर्मपाल के सहकर्मी बृजेश तिवारी (54) ने पुलिस को बताया कि दोनों सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक ड्यूटी पर थे। रविवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच दो इलेक्ट्रिशियन पहले से लगे स्लाइडिंग गेट पर बिजली का कनेक्शन करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गेट धर्मपाल की ओर गिर गया। वह उसके नीचे दब गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गेट किस वजह से गिरा और बिजली कनेक्शन का काम करते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी