केजरीवाल की राजनीतिक सोच नक्सल प्रवृत्ति की, भ्रष्टाचार उनके अंदर है: हर्ष मल्होत्रा
नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनका खुद को “दिमागी नक्सल” बताते हुए देशभक्त और व्यवस्था परिवर्तन का समर्थक कहना हास्यास्पद है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि केजरीवाल की राजनीतिक सोच कल भी नक्सल प्रवृत्ति की थी और आज भी वैसी ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े-बड़े दावे करने वाले केजरीवाल और उनकी सरकारें दिल्ली व पंजाब में व्यवस्था परिवर्तन और भ्रष्टाचार रोकने में विफल रही हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी में भाजपा सरकार होने के कारण केजरीवाल छात्र आंदोलनों के समर्थन में सामने आते हैं, जबकि पंजाब और झारखंड में छात्र आंदोलनों पर कार्रवाई के मामलों में उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल का सड़ी-गली व्यवस्था बदलने और भ्रष्टाचार मुक्त भारत का दावा पूरी तरह झूठा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब की जनता गवाह है कि केजरीवाल एवं उनकी सरकारों ने दोनों राज्यों में कितना व्यवस्था परिवर्तन किया और भ्रष्टाचार पर कितना अंकुश लगाया।
मल्होत्रा ने कहा कि देश गणतंत्र दिवस की व्यवस्थाओं को लेकर 2014 में तत्कालीन राजपथ पर हुए विवाद और कुछ वर्ष बाद उपराज्यपाल निवास पर केजरीवाल के धरने को भूला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं ने केजरीवाल की अराजक राजनीतिक कार्यशैली को उजागर किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

