home page

केजरीवाल ने ईडी की कार्रवाई पर उठाया सवाल, सरकार पर साधा निशाना

 | 
केजरीवाल ने ईडी की कार्रवाई पर उठाया सवाल, सरकार पर साधा निशाना


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी की आलोचना करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि बंगाल चुनाव ख़त्म हुए ही केंद्र सरकार ने पंजाब में रोज ईडी की छापेमारी करना शुरू कर दिया है।

केजरीवाल ने कहा कि शनिवार सुबह से पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास पर ईडी की छापेमारी चल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी का काम भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग को रोकने के लिए होता, लेकिन अन्य पार्टियों को तोड़ने और अन्य राजनीतिक नेताओं को धमकाने का काम करती हैं। ईडी पर छापेमारी उसी दिशा में एक कार्रवाई है।

केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले भी संजीव अरोड़ा के यहां छापेमारी हुई थी। आज उनके यहां फिर से छापेमारी करवाई गई।

केजरीवाल ने आरोप है कि पिछले कुछ सालों में केंद्र सरकार ने कई मामलों में पंजाब के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। उन्होंने कहा कि पानी, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी और सरकारी संस्थानों के मुद्दों पर भी पंजाब पर दबाव बनाया गया। उनके अनुसार अब जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करके राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी