home page

केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग की, कहा युवक को थप्पड़ मारना गलत

 | 
केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग की, कहा युवक को थप्पड़ मारना गलत


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को तिलक नगर पहुंचकर सड़क का जायजा लिया और दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के इस्तीफे की मांग की।

अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि तिलक नगर में हाल ही में बनाई गई सड़क की स्थिति खराब है और सड़क को हाथ से उखाड़े जाने का दावा किया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को सड़क की गुणवत्ता का वीडियो बनाए जाने के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। केजरीवाल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को थप्पड़ मारना उचित नहीं है और इस मामले की जांच होनी चाहिए।

केजरीवाल ने सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि सड़क निर्माण में कितना पैसा खर्च हुआ और पैसा कहां गया। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में बनी सड़कों के लिए पांच साल की गारंटी होती थी।

इस दौरान केजरीवाल के साथ राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह, आआपा के मीडिया प्रमुख अनुराग ढांडा और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी