home page

मंत्री कपिल मिश्रा ने करावल नगर में गलियों के नवनिर्माण कार्य का किया शुभारंभ

 | 
मंत्री कपिल मिश्रा ने करावल नगर में गलियों के नवनिर्माण कार्य का किया शुभारंभ


नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को करावल नगर विधानसभा में कालीघटा 20 फुटा रोड एवं अन्य गलियों के नवनिर्माण के काम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि एक अन्य महत्वपूर्ण 28 फुटा रोड का निर्माण कार्य भी एक माह के अंदर शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘विकसित करावल नगर’ के लक्ष्य की दिशा में पूरे क्षेत्र का समग्र विकास हो रहा है, अब तक 300 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं।

इस अवसर पर कपिल मिश्रा ने करावल नगर विधानसभा के विकास कार्यों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बस सेवाओं में तीन गुना वृद्धि होनी है, करावल नगर डिपो, भगत सिंह कॉलोनी एवं चौहान पट्टी से कई नई ई बसों की शुरुआत होगी। करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 12 आरोग्य मंदिर खोले जाने हैं, इनमें अब तक तीन का लोकार्पण हो चुका है।

मंत्री ने बताया कि एक अन्य संकल्प ‘अटल कैंटीन’ भी दिल्ली में पूरा हो रहा है। गरीब एवं वंचित वर्ग के लिए करावल नगर की पहली अटल कैंटीन की शुरुआत 20 फरवरी से पूर्व हो जाएगी। इसके बाद हर वार्ड में एक अटल कैंटीन शुरू करने का लक्ष्य है। उन्होंने ने कहा कि दिल्ली पुलिस की खाली भूमि पर एक बड़े और सुंदर पार्क के निर्माण की भी योजना है, आवश्यक स्वीकृतियों के बाद इसे वर्ष 2026 में ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुकुंद विहार में गलियों का निर्माण जल्द शुरू होगा एवं अंकुर एन्क्लेव की शेष गलियों का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। साथ ही प्रमुख मार्ग खजूरी-भजनपुरा-दयालपुर-करावल नगर-शिव विहार के निर्माण व चौड़ीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होगा।

मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल से अधूरी पड़ी सीवर लाइन के कार्य भी अब पूरे होंगे। खजूरी से सीवर लाइन की सफाई का कार्य शुरू हो गया है, अगले 3 से 4 माह में सीवर लाइनें शुरू हो जाएंगी। साथ ही हर गली में पक्की सड़क और लंबे समय से उपेक्षित सभी पंचायत घर और बारात घर के रेनोवेशन का कार्य भी होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव