home page

बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक आज योग और देशभक्ति के रंग में रंगा है भारत : कपिल मिश्रा

 | 
बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक आज योग और देशभक्ति के रंग में रंगा है भारत : कपिल मिश्रा


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। दिल्ली के पर्यटन कपिल मिश्रा ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोनिया विहार से लेकर वजीराबाद तक यमुना के पवित्र तटों तथा विभिन्न पुश्तों पर हजारों लोगों के साथ आयोजन में सहभागिता की।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की दिशा में आज 'बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक' भारत योग और देशभक्ति के रंग में रंगा है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में योग को प्रोत्साहन, इज ऑफ़ लिविंग की ओर ले जा रही योजनाओं और स्वच्छता कार्यों से दिल्ली में स्वास्थ्य आंदोलन चल रहा है। पूर्ववर्ती सरकार की अनदेखी और अनियमितताओं की वजह से विकास की दौड़ में पीछे छूटी दिल्ली, अब साथ मिलकर आगे बढ़ रही है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रख कर भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई। उनकी दूरदर्शी पहल और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप आज 21 जून को पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है। योग, जो कभी भारत की प्राचीन परंपरा और अमूल्य धरोहर था, आज विश्व के करोड़ों लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है। आज विश्व के लगभग हर देश और शहर में योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री के वैश्विक नेतृत्व का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी स्रोत है। बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, आत्म अनुशासन और सकारात्मक संकल्प का अवसर है। योग से प्राप्त ऊर्जा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य करती है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' है। आज सभी दिल्लीवासियों के उत्साह से इसे संदेश के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव