विकास कार्यों का शुभांरभ कर बोले मंत्री कपिल मिश्रा, जल्द शुरू होगी यमुना में क्रूज सेवा
नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को करावल नगर विधानसभा के सोनिया विहार में मुख्यमंत्री विकास निधि से तीसरा पुस्ता मार्केट के सड़क एवं नालों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री ने तैयार लिंक गलियों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यमुना में क्रूज चलाने की योजना पर काम चल रहा है और 1 से 2 महीने में इसे शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर निगम पार्षद सोनी अनुपम पांडे भी उपस्थित रहीं।
कपिल मिश्रा ने यहां लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले एक साल से अब तक करावल नगर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से सीवर का जाल बिछाने का कार्य अकेले सोनिया विहार में हो रहा है और सभापुर वार्ड में भी सीवर का काम एक महीने में शुरू हो जाएगा।
मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में विधायक एवं पार्षदों के पास विकास कार्यों के लिए हमेशा फंड की कमी रहती थी, इससे निगम पार्षदों और विधायकों में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह निर्णय लिया कि निगम पार्षदों के हाथ भी मजबूत किए जाएंगे और एक-एक करोड़ रुपये का फंड सभी निगम पार्षदों को दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

