मंत्री कपिल मिश्रा गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में हुए शामिल
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा शनिवार को आईजीआई स्टेडियम में आयोजित गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गायत्री परिवार के सभी साधकों, उपासकों और शिष्यों को नमन करते हुए मां गायत्री की चेतना, हवन, यज्ञ और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इस शताब्दी समारोह में उपस्थित सभी गायत्री परिवार के साधकों, उपासकों और शिष्यों को मेरा कोटि-कोटि नमन। मेरा यह सौभाग्य है कि मेरा परिवार वर्षों से गुरुदेव और माताजी से जुड़ा रहा। यहां तक कि मेरी बड़ी बहन का जन्म भी शांतिकुंज में हुआ है। गुरुदेव और परम पूजनीय माताजी के माध्यम से मां गायत्री की चेतना का प्रसार आज पूरे विश्व में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि 1962 से लेकर आज तक 80 से अधिक देशों और करोड़ों परिवारों तक मां गायत्री की चेतना पहुंचाने का पुण्य कार्य गायत्री परिवार द्वारा किया जा रहा है। शायद यही जीवन की सार्थकता है। आज जब पूरी दुनिया अनेक संकटों और चुनौतियों से जूझ रही है, तब आशा और प्रकाश का रास्ता ऐसे ही साधकों और उपासकों के माध्यम से निकलता है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि जिस विश्व की कल्पना गुरुदेव और माताजी ने की थी, उसका निर्माण तभी संभव है, जब मां गायत्री की चेतना का प्रकाश पूरे विश्व तक पहुंचे। उन्होंने गायत्री परिवार के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की शक्ति, मां गायत्री की चेतना और हवन-यज्ञ की परंपरा से प्रत्येक परिवार को जोड़ने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। मंत्री कपिल मिश्रा ने गायत्री परिवार के सभी सदस्यों को शताब्दी समारोह की बधाई देते हुए उनके आध्यात्मिक और सामाजिक अभियान की निरंतर सफलता की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

