भगवान जगन्नाथ के तीन रथों के निर्माण कार्य का शुभारंभ, ओडिशा के जंगलों से लाई गईं लकड़ियां
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। त्यागराज नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के तीन रथों के निर्माण कार्य का शुभारंभ पूरे रीति-रिवाज के साथ शुरू हुआ। यह समारोह पुरी के मुख्य जगन्नाथ धाम में अपनाई जाने वाली परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार वैदिक मंत्रों के उच्चारण और जगन्नाथ स्वामी की जय के जयघोष के बीच संपन्न हुआ।
पवित्र लकड़ियों की व्यवस्था करने में अहम भूमिका निभाने वाले अवनीकांत साहू भी इस अवसर पर उपस्थित थे और उन्होंने मुख्य कर्ता के रूप में पूजा-अर्चना संपन्न की।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, त्यागराज नगर के विधायक नीरज बसोया और नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज भी उपस्थित रहीं। इस उत्सव का हिस्सा बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस समारोह में शामिल हुए।
त्यागराज जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन ने बताया कि ओडिशा के बाहर पहली बार, 16 जुलाई को विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा उत्सव के दिन जगन्नाथ मार्ग पर तीन मूर्तियों के तीन रथ खींचे जाएंगे। प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि इन रथों के लिए ओडिशा के ही कुछ श्रद्धालुओं ने ओडिशा के जंगलों से पवित्र लकड़ियों को एकत्रित कर, पालदेहाड़ (ओडिशा) में आयोजित एक विशेष समारोह के माध्यम से उन्हें यहां तक पहुंचाने की व्यवस्था की। पूजा समारोह में ओडिशा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद (राज्यसभा) मनमोहन सामल उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

