राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर युवा कांग्रेस ने आयोजित किया रक्तदान शिविर
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
यहां कांग्रेस मुख्यालय में लगाए गए रक्तदान शिविर में लगभग 355 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, पूर्व विधायक कमलेश्वर पटेल, पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी, लोकसभा सांसद किशोरी लाल शर्मा, एआईसीसी सचिव नेटा डिसूजा और सह सचिव रणविजय सिंह लोचव सहित अनेक नेता मौजूद रहे।
मनीष शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी संकल्प, सद्भावना और दूरदर्शिता का नाम थे। उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी और सूचना तकनीक व दूरसंचार क्रांति की शुरुआत की। उन्होंने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मताधिकार देकर उन्हें जिम्मेदार और सशक्त बनाया। वहीं दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि उन्होंने पंचायतीराज व्यवस्था को सशक्त किया और जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना की, ताकि ग्रामीण बच्चों को भी उत्कृष्ट शिक्षा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

