अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एमसीडी में ‘स्वदेशी हाट’ कार्यक्रम का आयोजन
नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में ‘स्वदेशी हाट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष रेखा रानी भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों, एनजीओ तथा वोकेशनल प्रशिक्षण केंद्रों द्वारा स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का विशेष आकर्षण बढ़ाया। इन स्टॉलों में बनारसी साड़ियां, वस्त्र, परफ्यूम, बैग, ज्वेलरी, बेकरी उत्पाद, हस्तनिर्मित वस्तुएं तथा अन्य स्वदेशी उत्पाद प्रदर्शित किए गए थे। महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए इन उत्पादों को लोगों ने काफी सराहा और बड़ी संख्या में खरीदारी भी की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच का भी विशेष स्टॉल लगाया गया था, जहां उपस्थित लोगों के लिए स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर सत्या शर्मा ने भी अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने भी विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया, वहां से खरीदारी की तथा महिला उद्यमियों और विक्रेताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच महिलाओं को अपने हुनर और स्वदेशी उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिलती है।
सत्या शर्मा ने कहा कि ’अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ केवल एक औपचारिक दिवस नहीं, बल्कि महिलाओं के योगदान, उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने तथा उनके सशक्तिकरण के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को दर्शाने का महत्वपूर्ण अवसर है। ‘स्वदेशी हाट’ जैसे कार्यक्रम महिलाओं को अपने कौशल और उत्पादों को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिल्ली नगर निगम महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष रेखा रानी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने इस ‘स्वदेशी हाट’ में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और उत्पादों का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में निगम की महिला कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर निगम पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और महिला उद्यमिता को मजबूत करना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

