home page

आईपीयू ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए शुरू की प्रवेश प्रक्रिया, 20 जुलाई तक करें आवेदन

 | 
आईपीयू ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए शुरू की प्रवेश प्रक्रिया, 20 जुलाई तक करें आवेदन


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए प्रवेश पुस्तिका (एडमिशन ब्रोशर) जारी की।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) महेश वर्मा ने गुरुवार को ब्रोशर का औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर इंडियन एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष एवं ईएससीई पेरिस (फ्रांस) के प्रो. विजय पेरेईरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इस दौरान अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को मजबूत बनाने और वैश्विक साझेदारियों के माध्यम से छात्रों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।

डॉ. महेश वर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय छात्रों को प्रवेश पूरी तरह अर्हता परीक्षा की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया में सबसे पहले आईसीसीआर फेलोशिप के तहत आवेदन करने वाले छात्रों को प्राथमिकता मिलेगी, इसके बाद अन्य अंतरराष्ट्रीय आवेदकों को प्रवेश दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आईपीयू के विभिन्न स्कूलों और संबद्ध संस्थानों में संचालित चयनित पाठ्यक्रमों में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी।

महेश वर्मा ने इच्छुक अंतरराष्ट्रीय छात्रों से 20 जुलाई तक सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ विधिवत भरा हुआ आवेदन पत्र अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशालय में जमा कराने की अपील की।

कार्यक्रम में योत्ता फाउंडेशन के प्रो. योगेश कोचर तथा विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक प्रो. गगन दीप शर्मा भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी