home page

आईपी फ्लाईओवर पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

 | 

नई दिल्ली, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य जिले के आईपी फ्लाईओवर पर सुबह-सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 19 वर्षीय अमन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे 22 वर्षीय अल्बर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 6:21 बजे सड़क हादसे की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए आईपी एस्टेट थाने को मिली। यह कॉल सिविल लाइंस थाने से स्थानांतरित होकर आई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर क्राइम टीम को भी बुलाकर जांच कराई गई।

जांच में पता चला कि मदनपुर खादर निवासी अमन मोटरसाइकिल चला रहा था। उसके पीछे बाटला हाउस, जामिया नगर निवासी 22 वर्षीय अल्बर बैठा था। दोनों बाइक से सराय काले खां की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान आईपी फ्लाईओवर पर उनकी बाइक को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमन को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पीछे बैठे अल्बर भी घायल हो गए। पुलिस टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। अल्बर का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।

पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की टीम फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद मौके से फरार वाहन का पता लगाने के लिए आसपास के मार्गों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी