home page

मंत्री इंद्राज ने बवाना विधानसभा के गांवों का किया निरीक्षण

 | 
मंत्री इंद्राज ने बवाना विधानसभा के गांवों का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 8 मई (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने शुक्रवार को बवाना विधानसभा क्षेत्र के दीप विहार, प्रहलादपुर सहित विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों का संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।

इस संयुक्त निरीक्षण में रेवेन्यू विभाग के जिला अधिकारी (डीएम), एसडीएम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री इंद्राज ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली देहात में विकास की जो लहर शुरू हुई है, वह रुकने वाली नहीं है और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता व्यवस्था एक प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने आया। स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे, खाली प्लॉटों, पार्कों एवं रिहायशी इलाकों के आसपास अनियमित रूप से कूड़ा डाले जाने की समस्या उठाई। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित कूड़ा प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार उपयुक्त स्थानों की पहचान कर कॉम्पैक्टर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने की समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने संबंधित विभागों से विस्तृत सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा तथा निर्देश दिए कि कूड़ा प्रबंधन से संबंधित सभी समस्याओं का समन्वित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के मामलों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों के कारण न केवल नागरिक सुविधाएँ प्रभावित होती हैं बल्कि सुरक्षा संबंधी खतरे भी उत्पन्न होते हैं। इसलिए संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान जल आपूर्ति, पानी के दुरुपयोग तथा बिलिंग संबंधी शिकायतों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाया जाए तथा नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त सीवर नेटवर्क के विकास, रखरखाव तथा नालों की सफाई एवं डी-सिल्टिंग संबंधी मुद्दों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी नालों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान सड़कों के विकास, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। मंत्री ने क्षेत्र में बिजली के खंभों को सड़क मार्ग से हटाने, तारों को व्यवस्थित करने एवं आवश्यकता अनुसार भूमिगत केबलिंग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सड़क मार्गों पर अव्यवस्थित बिजली के पोल एवं तार नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

इसके साथ ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा की गई। मंत्री ने विशेष रूप से डार्क स्पॉट्स की पहचान कर वहाँ स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव