home page

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियों का किया निरीक्षण

 | 
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियों का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन (17 सितंबर) को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों, सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। मंत्री ने रजिस्ट्रेशन, स्क्रीनिंग, ब्लड कलेक्शन, मेडिकल सहायता, सुरक्षा, एम्बुलेंस सेवाओं, साफ-सफाई, भीड़ प्रबंधन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए की जा रही तैयारियों का खुद मौके पर जाकर जायजा लिया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव को लेकर बहुत ज्यादा उत्साह है और हमें पूरा भरोसा है कि बड़ी संख्या में दिल्ली के नागरिक आगे आएंगे और रक्तदान शिविर में हिस्सा लेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस मेगा रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ें और रक्तदान शिविर शुरू होने से पहले सभी जरूरी इंतजाम गुणवत्तापूर्ण मानकों के अनुसार वक्त से पहले पूरे कर लिए जाएं। मंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ज़्यादा से ज़्यादा नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ हर ब्लड डोनर के लिए सुरक्षित, सुचारू और सुविधाजनक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए आपसी तालमेल बढ़ाने के साथ सार्थक प्रयास किए जाएं।

दिल्ली सरकार के अस्पतालों, अलग-अलग विभागों और एजेंसियों की मदद से दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन एक मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रहा है। दिल्ली सरकार के अस्पतालों के ग्यारह ब्लड बैंक इस रक्तदान शिविर में मेडिकल टीमें, उपकरण, कोल्ड-चेन की सुविधाएं और सुरक्षित तरीके से ब्लड जमा करने और उसे सुरक्षित तरीके से लाने और ले जाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में मदद करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव