home page

वासुदेव घाट पर मंत्री कपिल मिश्रा ने छठ महापर्व की तैयारियों का लिया जायजा

 | 
वासुदेव घाट पर मंत्री कपिल मिश्रा ने छठ महापर्व की तैयारियों का लिया जायजा


नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने छठ महापर्व के आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वासुदेव घाट का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों के साथ घाट पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

कपिल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा, घाटों की स्वच्छता, सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर कपिल मिश्रा ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि छठी मैया के भक्तों को पर्व के दौरान बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलें। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करें ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुविधापूर्वक छठ महापर्व मना सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धा, स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ संपन्न हो।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव