इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का भाजपा में विलय, मुकेश गोयल समेत 15 सदस्य हुए शामिल
नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ। शुक्रवार को इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के संयोजक मुकेश गोयल समेत पार्टी के 15 सदस्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सभी पार्षदों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के संयोजक मुकेश गोयल, हेमचंद तथा अन्य पार्षदों का भाजपा परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चार इंजन की सरकार कार्य कर रही है। ऐसे में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का भाजपा में विलय पूरी दिल्ली के लिए शुभ संकेत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता सुख भोगने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा की सेवा करने का मंच है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली के निर्माण तथा भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
इस मौके पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी से असंतुष्ट होकर पिछले वर्ष कुछ पार्षदों ने अलग होकर मुकेश गोयल के नेतृत्व में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का गठन किया था। अब उनका भाजपा परिवार में शामिल होना पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों पर विश्वास का प्रतीक है।
साथ ही दिल्ली में जलभराव की स्थिति पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि हाल की दो बारिशों के दौरान राजधानी में कहीं भी अधिक जलभराव की समस्या देखने को नहीं मिली। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम ने मानसून से पहले व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं और बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के भाजपा में शामिल पार्षदों के नामः मुकेश गोयल, हेमचंद गोयल, देवेंद्र कुमार, मनीषा जसवीर कराला, उषा शर्मा, अनिल राणा, दिनेश भारद्वाज, बॉबी किन्नर, रोनाक्षी शर्मा, अशोक पांडे, साहिब कुमार, राखी यादव, राजेश लाड़ी, हिमानी जैन, कमल भारद्वाज और लीना कुमारी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

