नई पाइपलाइन परियोजनाओं का शुभारंभ
नई दिल्ली, 10 मई (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंदाज सिंह ने रविवार को बवाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव जाट खोर काली माता मंदिर प्रकाश विहार में दिल्ली जल बोर्ड की नई पाइपलाइन परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से अनधिकृत कॉलोनियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन, सड़कों की मरम्मत, नए फुटपाथ, ड्रेनेज एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित विकास कार्य निरंतर जारी है।
मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प विकसित दिल्ली से साकार होगा। सड़कें, सीवर और पानी की पाइपलाइन- हर नागरिक सुविधा को नए सिरे से तैयार करना हमारा लक्ष्य है। जनसेवा और क्षेत्र के निरंतर विकास हेतु हम सदैव प्रतिबद्ध हैं। मंत्री ने कहा कि पिछले कई वर्षों से उपेक्षित पड़ी आधारभूत संरचनाओं को अब आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है ताकि लोगों को सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

