सिविल लाइंस स्थित मेटकॉफ हाउस रेगुलेटर पर स्थायी पंप हाउस का शुभांरभ
नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने यमुना में बाढ़ के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित मेटकॉफ हाउस रेगुलेटर पर स्थायी पंप हाउस का शुभांरभ किया।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अब तक जब भी यमुना का जलस्तर बढ़ने पर मेटकॉफ हाउस रेगुलेटर बंद किया जाता था, तब वर्षा जल की निकासी के लिए हर बार अस्थायी पंप लगाने पड़ते थे। अब इस स्थायी पंप हाउस के निर्माण से जल निकासी की व्यवस्था स्थायी रूप से सुदृढ़ होगी, जिससे बाढ़ के दौरान वर्षा जल को तेजी और प्रभावी ढंग से यमुना में प्रवाहित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक पंप हाउस में 75 हॉर्सपावर (एचपी) के 3 सबमर्सिबल पंप और 35 एचपी का 1 सबमर्सिबल पंप स्थापित किया गया है, जिनकी कुल पंपिंग क्षमता लगभग 2500 किलोलीटर प्रति घंटा है।
मंत्री ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए 250 केवीए क्षमता का डीजी सेट लगाया गया है। साथ ही पंपों के सुचारु, सुरक्षित एवं ऊर्जा-कुशल संचालन के लिए एनर्जी एफिशिएंट सॉफ्ट स्टार्टर पैनल भी स्थापित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

