दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने सेवा सेतु कैंप का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-8 स्थित केंद्रीय विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा सेतु कैंप’ का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाएं कितनी सहजता और सरलता से उपलब्ध होती हैं, यही सुशासन की वास्तविक कसौटी यही है। किसी भी योजना की सार्थकता तभी है, जब उसकी जानकारी, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता बिना किसी अनावश्यक बाधा के लोगों तक पहुंचे।
‘सेवा सेतु कैंप’ को नागरिकों के लिए एकल सुविधा केंद्र के रूप में तैयार किया गया है, जहां दिल्ली सरकार की विभिन्न सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी, मार्गदर्शन तथा आवश्यक सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर उत्तर-पश्चिम दिल्ली की जिलाधिकारी सौम्या सौरभ भी उपस्थित रहीं।
विजेंद्र गुप्ता ने कैंप में तैनात विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बातचीत की और नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कैंप में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और नागरिकों को दी जा रही सहायता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रभावी जनसेवा के लिए केवल योजनाओं की घोषणा पर्याप्त नहीं है बल्कि नागरिकों तक उनकी स्पष्ट जानकारी पहुंचाना, सरल और सुलभ व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा समय पर आवश्यक सहायता प्रदान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का वास्तविक लाभ उठा सकें।
कैंप में विभिन्न विभागों एवं सार्वजनिक एजेंसियों ने भाग लिया। इनमें स्वास्थ्य विभाग, बीएसईएस एवं टीपीडीडीएल, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, राजस्व विभाग, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी), महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिल्ली पुलिस, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, दिल्ली डायलॉग एंड डेवलपमेंट कमीशन (डीडीबी), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग तथा दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) सहित अन्य विभाग शामिल रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कैंप में आने वाले नागरिकों से भी बातचीत की और विभिन्न सेवाओं का लाभ लेने के उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि स्थानीय स्तर पर इस प्रकार के सेवा शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे नागरिकों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने तथा उन्हें संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समयबद्ध समाधान की दिशा में काम करने में भी सहायता मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

