home page

मुख्यमंत्री ने जीपी बस्ती में सामुदायिक शौचालय का किया उद्घाटन

 | 
मुख्यमंत्री ने जीपी बस्ती में सामुदायिक शौचालय का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान जीपी सेवा बस्ती, पीतमपुरा में नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन किया। लगभग 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक सामुदायिक शौचालय स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग की झुग्गी बस्ती में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने जो विकास और जनकल्याण के वादे किए थे, आज वे धरातल पर साकार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते एक वर्ष में क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वॉटर एटीएम, गरीबों को सस्ती एवं पौष्टिक भोजन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन, नई पानी की पाइपलाइन, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट्स, नालियों का निर्माण और आधुनिक सामुदायिक शौचालयों जैसी अनेक विकास परियोजनाओं को पूरा किया गया। साथ ही 50 अतिरिक्त शौचालय सीटों के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने ने कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गीवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी सोच के अनुरूप झुग्गीवासियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली सरकार राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव