दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने विकासपुरी में दो अटल कैंटीन का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 16 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने रविवार को विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र में दो अटल कैंटीन का उद्घाटन किया। इसमें से एक विकासपुरी स्थित इंदिरा कैंप-5 की अटल कैंटीन और दूसरी टी कैंप काली बस्ती स्थित अटल कैंटीन शामिल है।
मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 'अटल कैंटीन' पहल सरकारी सेवाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने नागरिकों को भरोसा दिलाया था कि उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और 'अटल कैंटीन' उस प्रतिबद्धता का धरातल पर दिखाई देने वाला प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि आज दो अटल कैंटीन का उद्घाटन करते हुए मुझे बेहद संतुष्टि हो रही है कि दिल्ली की जनता से किया गया वादा जमीनी स्तर पर पूरा हो रहा है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि लोगों को फायदा पहुंचाने वाली हर सुविधा उन तक जल्द से जल्द पहुंचे। चाहे अटल कैंटीन हो या अन्य जन-कल्याणकारी योजनाएं, हमारी सरकार दिल्ली की जनता की सेवा के लिए निरंतर काम करती रहेगी।
मंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराना सिर्फ़ एक कल्याणकारी उपाय नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सिर्फ़ 5 रुपए में पौष्टिक भोजन मिलने से कामगारों और जरूरतमंद परिवारों, खासकर रोजाना की कमाई पर निर्भर रहने वाले लोगों को महत्वपूर्ण सहायता साबित होगी। उन्होंने आगे कहा कि यह पहल नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति दिल्ली सरकार के व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती है और यह सरकार की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

