home page

15 दिन की अनुमति पर भारत आए, डेढ़ महीने से ज्यादा रुके; तीन बांग्लादेशी पकड़े

 | 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ ने वीजा नियमों का उल्लंघन कर तय समय से अधिक रुकने के आरोप में तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पहाड़गंज के एक होटल से पकड़ा है। तीनों 6 अक्टूबर को डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे। उनके वीजा की वैधता 14 दिसंबर तक थी, लेकिन भारत में ठहरने की अनुमति केवल 15 दिन की थी। इसके बावजूद तीनों तय अवधि से अधिक समय तक यहां रुके हुए थे। पुलिस ने तीनों को पकड़कर डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सेंट्रल जिले के होटलों और गेस्ट हाउसों में विदेशी नागरिकों के वीजा दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की टीम पहाड़गंज स्थित होटल सुदर्शन पैलेस, शोरा कोठी पहुंची। वहां ठहरे तीन बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट और वीजा की जांच की गई तो उनके वीजा नियमों के उल्लंघन का पता चला।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान साला उद्दीन (53), शौकत अली (40) और कमरुल हसन (25) के रूप में हुई है। तीनों बांग्लादेश के नोआखाली जिले के सोनाइमुड़ी के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया कि तीनों 6 अक्टूबर को भारत आए थे। उनके पास डबल एंट्री वीजा था, जो 14 दिसंबर 2026 तक वैध था। हालांकि, इस वीजा पर भारत में रहने की अधिकतम अवधि 15 दिन ही निर्धारित थी। इसके बाद भी वे बिना अनुमति भारत में रह रहे थे।

पुलिस ने जांच के दौरान कागजात सही नहीं मिलने पर तीनों को हिरासत में लिया और लोकनायक अस्पताल में मेडिकल जांच कराई। इसके बाद उन्हें फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) के सामने पेश किया गया। एफआरआरओ ने तीनों के खिलाफ प्रतिबंध आदेश जारी किए। इसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई और बांग्लादेश डिपोर्ट किए जाने की प्रक्रिया पूरी होने तक दिल्ली के सेवा धाम स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान होटलों और गेस्ट हाउसों में ठहरे विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच जारी रहेगी, ताकि वीजा और इमिग्रेशन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी