home page

शाहदरा में मकान ढहने से बच्चे समेत दो की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

 | 
शाहदरा में मकान ढहने से बच्चे समेत दो की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। शाहदरा के विवेक विहार थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह मकान ढहने से एक बच्चे समेत दो की मौत हो गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

हादसे के समय मकान में मौजूद छह लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और कैट एंबुलेंस की मदद से हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीन साल के मासूम समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10:09 बजे विवेक विहार थाने को पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाले ने बताया कि ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में एक मकान ढह गया है और कुछ लोग मलबे में दबे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के समय मकान की पहली मंजिल और भूतल पर लोग मौजूद थे।

पहली मंजिल पर रहने वाली 27 वर्षीय खुशबू और तीन वर्षीय लड्डू उर्फ देवांश मलबे में दब गए थे। वहीं, भूतल पर रहने वाले 35 वर्षीय पिंटू, 35 वर्षीय विकेश, 25 वर्षीय आकाश और 22 वर्षीय दिलीप उर्फ डिम्पा भी हादसे की चपेट में आ गए। सभी छह लोग मकान में किरायेदार के तौर पर रह रहे थे। मकान सुरेंद्र सिंह का बताया गया है।

बचाव दल ने सभी छह लोगों को बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने लड्डू उर्फ देवांश और पिंटू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल खुशबू, विकेश, आकाश और दिलीप का उपचार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव