home page

मौसमी बीमारियों को लेकर सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने का निर्देश जारी

 | 
मौसमी बीमारियों को लेकर सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने का निर्देश जारी


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने मानसून के दौरान सरकारी अस्पतालों को मौसमी बीमारियों को लेकर सतर्क और तैयार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस अहम बैठक में विशेष रूप से मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस बैठक का मुख्य मकसद राजधानी के सभी सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

समीक्षा के दौरान डॉ पंकज कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे तथा मरीजों के लिए जरूरी पैथोलॉजी और अन्य जांच सुविधाएं बिना किसी बाधा के संचालित हों। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए। मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य मौसमी एवं वेक्टर जनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अस्पतालों को पूरी तरह सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयों, जांच सुविधाओं तथा अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के तकनीकी पदों पर रिक्तियों की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिक्त तकनीकी पदों को शीघ्र भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं। बैठक के दौरान जीटीबी अस्पताल में हाल ही में हुई घटना की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री को इस मामले की विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने बैठक में अवगत कराया कि घटना की विस्तृत जांच के लिए विशेष सचिव (स्वास्थ्य) की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया गया है। समिति को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर डॉ पंकज कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध उचित एवं कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों की तैयारियों की नियमित निगरानी की जाए और समीक्षा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव