home page

(लीड) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने भीषण गर्मी और लू से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा

 | 
(लीड) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने भीषण गर्मी और लू से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शनिवार को लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल का दौरा कर भीषण गर्मी और लू से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। स्वास्थ्य मंत्री ने हीटवेव मैनेजमेंट के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, आपातकालीन बुनियादी ढांचे और मरीजों की देखभाल संबंधी सभी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की।

डॉ. सिंह ने इस मौके पर कहा कि सरकार का स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भीषण गर्मी के कारण किसी भी नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। अस्पताल में हीटवेव और गर्मी से संबंधित पीड़ित मरीजों के लिए विशेष ‘हीट रिलेटेड इलनेस’ वार्ड बनाया गया है, जहां हीटवेव से प्रभावित मरीजों को समय पर विशेष मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के लिए इलाज के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल में हीटवेव से संबंधित मामलों के उपचार के लिए व्यापक उपचार की व्यवस्था तैयार की गई है, जिसमें अलग से आपातकालीन व्यवस्था, आईसीयू की तैयारी, समर्पित बेड, विशेष उपचार कक्ष और मरीजों के लिए 'स्टेप-डाउन रिकवरी' प्रबंधन भी शामिल है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गर्मी से जुड़ी अलग-अलग समस्याओं के साथ आने वाले मरीजों का इलाज एक सुव्यवस्थित प्रणाली के तहत किया जा रहा है। सामान्य डिहाइड्रेशन, तेज बुखार, शरीर का बढ़ा हुआ तापमान और कई तरह की मेडिकल दिक्कतों वाले मामलों का इलाज उनकी मेडिकल जरूरतों के अनुसार किया जा रहा है।

गंभीर मरीज़ों का तुरंत इमरजेंसी केयर में इलाज किया जाता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें आईसीयू सपोर्ट के लिए वार्ड में शिफ़्ट कर दिया जाता है। एक बार हालत स्थिर हो जाने पर मरीज़ों को लगातार निगरानी और इलाज के लिए निर्धारित रिकवरी बेड पर भेज दिया जाता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मरीज़ों की संख्या में किसी भी तरह की संभावित बढ़ोतरी से निपटने के लिए पर्याप्त बेड, आईसीयू सुविधाएं और आपातकालीन सहायता प्रणालियां तैयार रखी गई हैं। दिल्ली के डॉक्टर्स, विशेषज्ञ टीमें, आईसीयू स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी हीटवेव से संबंधित मामलों से निपटने के लिए पूरी तरह से सक्षम और तैयार हैं।

हाल के एक मामले का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पतालों में बहुत ज़्यादा शारीरिक तापमान और गर्मी से जुड़ी गंभीर समस्याओं के मरीज पहुंचे हैं। उन्होंने मेडिकल टीमों की तत्परता से की गई कार्रवाई, जरूरत पड़ने पर समय पर वेंटिलेटर की सहायता उपलब्ध कराने और जल्द रिकवरी सुनिश्चित करने में मदद के प्रयासों की जमकर सराहना की।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हीटवेव से निपटने की तैयारियां सिर्फ एलएनजेपी अस्पताल तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि सभी सरकारी अस्पतालों, पॉलीक्लिनिकों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में व्यापक स्तर पर सभी तरह की जरूरी व्यवस्थाएं करने साथ ही उन्हें अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई मरीज डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन, बुखार या कई दूसरी परेशानियों के साथ आए दिल्ली का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर तत्काल और प्रभावी इलाज देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि मेडिकल तैयारियों की कमी के चलते किसी भी नागरिक को कोई परेशानी नहीं हो।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि दिल्ली का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। हमारे सभी अस्पताल, डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल टीमें पूरे समर्पण के साथ काम कर रही हैं। दिल्ली के नागरिकों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था हीटवेव से जुड़ी हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव