home page

गांधी जयंती पर वोट का अधिकार बचाने के नाम पर हुआ प्रदर्शन राजनीतिक दिखावा : हर्ष मल्होत्रा

 | 
गांधी जयंती पर वोट का अधिकार बचाने के नाम पर हुआ प्रदर्शन राजनीतिक दिखावा : हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई में वोट का अधिकार बचाने के नाम पर किए गए प्रदर्शनों को राजनीतिक दिखावा करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये प्रदर्शन लोकतंत्र की रक्षा के बजाय पंजाब में आम आदमी पार्टी की संभावित हार से ध्यान भटकाने की कोशिश हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली और देश की जनता सब देख रही है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कुछ वामपंथी दलों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया, जिसमें उनके अनुसार 500 से 600 कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में आम नागरिकों और युवाओं की भागीदारी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति के जुटी भीड़ ने यातायात बाधित किया और मेट्रो सेवाएं प्रभावित कीं। इसके बाद लोकतंत्र खतरे में होने की बात कही गई।

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने दिल्ली में 10 साल तक भ्रष्टाचार किया और शराब घोटाले के आरोपों का सामना किया। अब चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।

मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नाम से हुए प्रदर्शन पर भी मल्होत्रा ने सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चंडीगढ़ और दिल्ली के छात्रसंघ चुनावों में इस संगठन को छात्रों ने नकार दिया था और शून्य सीटें मिलने के बाद अब उसके सदस्य सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार की नाकामी, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा मताधिकार की रक्षा के लिए खड़ी रही है, लेकिन मताधिकार के नाम पर झूठ फैलाना, भीड़ जुटाना और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी से सवाल किया कि पंजाब में नशे की समस्या पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पाई और युवाओं को पर्याप्त रोजगार क्यों नहीं मिला। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी को नकार चुकी है और भाजपा संविधान तथा लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने इन प्रदर्शनों की कड़े शब्दों में निंदा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी