home page

हर्ष मल्होत्रा ने 300 इलेक्ट्रिक बसें डीटीसी में शामिल करने के फैसले का किया स्वागत

 | 
हर्ष मल्होत्रा ने 300 इलेक्ट्रिक बसें डीटीसी में शामिल करने के फैसले का किया स्वागत


नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को दिल्ली सरकार द्वारा 300 नई ई. बसें दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में जोड़ने के फैसले का स्वागत किया।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मात्र 16 माह के शासन में राजधानी में 2386 नई ई. बसें ला कर सफलता का एक कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा कि केजरीवाल की सरकार ने दस साल में एक भी बस नही खरीद कर अपनी असफलता प्रमाणित की थी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज दिल्ली में डीटीसी के पास 1759 सीएनजी और 4538 ई. बसों के साथ कुल 6297 बसों की स्वच्छ प्रदूषण रहित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि शेनजेन एवं बेजिंग चीन के बाद आज दिल्ली के पास दुनिया में सर्वाधिक बड़ा ई बसों का बेड़ा है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अपनी सत्ता के 10 वर्ष में दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने के लिए दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ करने में शून्य योगदान देने वाले अरविंद केजरीवाल को आज ईंधन क्वालिटी पर सवाल खड़े करते देख दिल्ली एवं देश की जनता स्तब्ध है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जैसे-जैसे पंजाब चुनाव नजदीक आ रहा है अरविंद केजरीवाल का सत्ता खोने का भय बढ़ता जा रहा है और वह खुद को राजनीतिक रूप से मीडिया में दिखाने के लिए नीट परीक्षा से लेकर ईंधन क्वालिटी तक हर विषय पर बोल रहे हैं पर पंजाब में बढ़ते नशे एवं अपराध के आलावा खुद पंजाब के मुख्यमंत्री की सिख धर्म के प्रति अवमानना पर चुप्पी साधे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी