केदारनाथ साहनी की पुण्यतिथि पर हर्ष मल्होत्रा ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष, दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद तथा गोवा एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल केदारनाथ साहनी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि केदारनाथ साहनी का जीवन संगठनात्मक निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का आदर्श रहा। जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पार्टी के मूल्यों को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी समय की पाबंदी, कार्यशैली में शुचिता और प्रत्येक दायित्व के प्रति ईमानदार प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ साहनी ने जम्मू-कश्मीर से विस्थापित हिंदू परिवारों के हितों और उनके पुनर्वास के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठनात्मक निष्ठा और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। उनके सिद्धांत और आदर्श भाजपा कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में केदारनाथ साहनी का समर्पण, सादगी और संगठन के प्रति निष्ठा हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने स्वर्गीय साहनी को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर केदारनाथ साहनी के पुत्र प्रदीप साहनी एवं अन्य परिजन, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रामभज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, विधायक हरीश खुराना, प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, योगिता सिंह, राजेश भाटिया, प्रवीण शंकर कपूर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान का स्मरण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

