विजय कुमार मल्होत्रा की प्रथम पुण्यतिथि पर हर्ष मल्होत्रा समेत भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संस्थापक सदस्य, दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ लोकप्रतिनिधि प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा की प्रथम पुण्यतिथि पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिल्ली भाजपा कार्यालय में बुधवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नेताओं ने प्रो. मल्होत्रा के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा की प्रथम पुण्यतिथि सभी के लिए भावुक अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रो. मल्होत्रा वरिष्ठ भाजपा नेता, सांसद और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष होने के साथ-साथ संगठन के कुशल कार्यकर्ता और अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व के रूप में सदैव स्मरण किए जाएंगे।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रो. मल्होत्रा जनसंघ के समय से ही राजनीति में सक्रिय रहे और दिल्ली में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सादगी, सेवा और अनुशासन को विशेष महत्व दिया।
उन्होंने कहा कि खेल जगत में प्रो. मल्होत्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अखिल भारतीय खेल परिषद एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दिया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का जीवन सेवा, राष्ट्रभक्ति और समर्पण का उदाहरण था। उन्होंने राजनीति और खेल दोनों क्षेत्रों में ईमानदारी, अनुशासन और टीम भावना के महत्व को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि प्रो. मल्होत्रा की कमी आज भी महसूस होती है और उनके आदर्शों एवं सेवा भाव को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश सह प्रभारी दर्शना जरदोश, भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश मुखी, वेद व्यास महाजन, सुभाष आर्या, आदेश गुप्ता, सुभाष सचदेवा, डॉ. विजय जौली, कर्नल वी.के. ओबरॉय सहित प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, योगिता सिंह, विधायक अनिल शर्मा, राजेश भाटिया, प्रवीण शंकर कपूर, कैलाश जैन, विजय सोलंकी, रंजीत कश्यप, ऋचा पांडेय, अभिषेक टंडन, मनोज कुमार, राज गौतम, अमित गुप्ता, संतोष पाल एवं सी.एल. मीणा सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

