home page

हर्ष मल्होत्रा ने अहिल्याबाई होल्कर की पुण्य तिथि पर दी उन्हें श्रद्धांजलि

 | 
हर्ष मल्होत्रा ने अहिल्याबाई होल्कर की पुण्य तिथि पर दी उन्हें श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्य तिथि पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अनुकरणीय सुशासन, जन कल्याण के प्रति समर्पण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण तथा देश भर में ऐतिहासिक मंदिरों के पुनर्निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान को रेखांकित किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सभी को सम्बोधित करते हुए लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की पुण्य तिथि पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा परिवार संकल्प लेता है कि हम अहिल्याबाई के सेवा, सुशासन और संस्कृति के मूल्यों पर चलकर विकसित भारत बनाएंगे।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर सिर्फ एक शासक नहीं थीं, वो जनसेवा की जीवंत मिसाल थीं। 18वीं सदी में उन्होंने नारी शक्ति का ऐसा आदर्श स्थापित किया जिसे पूरा विश्व आज भी याद करता है। उन्होंने कहा कि राजधर्म ही उनका धर्म था, और सेवा ही उनकी पूजा थी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मालवा की धरती से उन्होंने सुशासन की जो गाथा लिखी, वो आज भी प्रेरणा देती है। हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि काशी विश्वनाथ से लेकर सोमनाथ तक, भारत के कोने-कोने में उन्होंने मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया। सड़क, कुएं, धर्मशाला, अन्नक्षेत्र बनाकर उन्होंने कहा राजा का खजाना जनता की सेवा के लिए है।

उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव, बिना भ्रष्टाचार, 30 वर्षों तक अहिल्याबाई होलकर ने रामराज्य का स्वरूप दिखाया।

मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी अहिल्याबाई के सुशासन और नारी शक्ति के आदर्श को बार-बार याद करते हैं।

इस अवसर पर विष्णु मित्तल, योगिता सिंह, मोहनलाल गिहारा, सतीश गर्ग, प्रवीण शंकर कपूर, रामखिलाड़ी यादव, शुभेन्दू शेखर अवस्थी, कैलाश जैन, यासिर जिलानी, नितिन त्यागी, सुमन सैनी, रामनरेश पाल, विशाल प्रजापति, मोहित नागर, अमर बघेल आदि ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी