home page

माडल टाउन विधानसभा में विकसित भारत सम्मेलन का आयोजन

 | 
माडल टाउन विधानसभा में विकसित भारत सम्मेलन का आयोजन


- हर्ष मल्होत्रा एवं प्रवीन खंडेलवाल ने किया संबोधित

नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 सफल वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा सभी 70 विधानसभाओं में विकसित भारत सम्मेलन आयोजित कर रही है। इसी श्रृंखला में मंगलवार को माडल टाउन विधानसभा में विकसित भारत सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसे दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने सम्बोधित किया।

सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि 2014 से पहले का भारत और अभी के भारत में साफ अंतर है क्योंकि कांग्रेस सरकार में जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने कहा था कि एक रुपये सरकार देती है तो 15 पैसे ही लोगों तक पहुंचते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने लाल किले से दो महत्वपूर्ण पहलुओं पर बातचीत की। एक आधार कार्ड से बैंक एकाउंट से सबको जोड़ना और दूसरा स्वच्छ भारत अभियान। उस वक़्त विपक्ष ने मजाक उड़ाया था। आज उसी का परिणाम है कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जाता है। सरकार और लाभार्थी के बीच में अब कोई बिचौलिया नहीं है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली की पिछली सरकार किसी भी केंद्र की योजना को समर्थन नहीं देती थी लेकिन आज जब भाजपा सरकार बनी है तो सबसे पहले आयुष्मान योजना का लाभ दिल्ली की जनता को दिया गया। साथ ही दिल्ली सरकार ने पांच लाख और यानी कुल 10 लाख रुपये का इंतजाम कराया है। उन्होंने कहा कि एक गरीब व्यक्ति और बुजुर्ग को भी उसका लाभ उठा सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब दिल्ली में केजरीवाल की सरकार थी तो पीने का पानी गंदा और सड़कों का हाल बुरा था लेकिन जब रेखा गुप्ता की सरकार आई तो उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का ऐलान किया और आज क्षेत्र में विकास लगातार देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार मतलब जनता की सरकार और आज विश्वास के साथ यह कहा जा सकता है। भाजपा ने जनता से जितने वादे किये थे, वह धीरे धीरे करके पूरा किया जा रहा है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यमुना की सफाई के नाम पर केजरीवाल ने बार बार झूठे बोला और यमुना सफाई के नाम पर मिले केंद्र सरकार के पैसों को खा गए लेकिन यमुना जी की सफाई की जिम्मेदारी अब भाजपा सरकार के पास है और आपको विश्वास दिलाता हूँ कि अगले 4 सालों में यमुना जी साफ करके दे देंगे।

इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने योजनाओं के साथ हम सबके जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है तो अब हमारा फर्ज बनता है कि उनकी योजनाओं को दिल्ली के घर घर तक पहुंचाने का काम करना है।

इस अवसर पर निगम पार्षद विकेश सेठी, सुशील जौंटी एवं रेणू अग्रवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी