home page

महर्षि वाल्मीकि के अपमान के विरोध में आयोजित धरने में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा

 | 
महर्षि वाल्मीकि के अपमान के विरोध में आयोजित धरने में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। संत महर्षि भगवान वाल्मीकि के खिलाफ कांग्रेस प्रवक्ता दीपक झा के कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में वाल्मीकि धर्म सम्मान रक्षा समिति की ओर से शनिवार को राजघाट के सामने धरना प्रदर्शन का आयोजन किया।

इस विरोध प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा शामिल हुए और उन्होंने कांग्रेस एवं उसके प्रवक्ता दीपक झा पर वाल्मीकि समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।

महामंडलेश्वर कृष्ण शाह विद्यार्थी महाराज की अध्यक्षता में हुए धरने में सम्मिलित वाल्मीकि एवं दलित समाज के गणमान्य जनों में आचार्य विवेक मुनि, अनिल वाल्मीकि, अजय भाई, साध्वी दीप्ति महाराज, साध्वी रेणुका जाटव, विष्णो दास महाराज, प्रकाश तंवर, राम चरण गुजराती, छात्रपाल सिंह, सुशांत गोल्डी, राजेंद्र पारचा, नितिन दिमान, सुनीता कांगड़ा, कर्म सिंह करमा आदि प्रमुख थे।

इस प्रदर्शन को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा की 4 जुलाई को जी टीवी की एक डिबेट में कांग्रेस के प्रवक्ता दीपक झा ने जिस भाषा का प्रयोग संत महर्षि भगवान वाल्मीकि के लिए किया, वह केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं था। वह करोड़ों लोगों की आस्था, उनके आराध्य और इस देश की सांस्कृतिक जड़ों पर चोट थी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वे केवल एक जाति के नहीं, वे पूरे भारत के, पूरी मानवता के गुरु हैं। ऐसे महान संत के लिए टीवी की डिबेट में अभद्र शब्द बोलना घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस की पुरानी आदत है कि चुनाव से पहले वाल्मीकि समाज और दलित समाज को याद करना, मंच पर फोटो खिंचवाना, बड़े-बड़े वादे करना। लेकिन सत्ता मिलते ही उन्हें भूल जाना।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार 60 साल तक केंद्र में रही लेकिन कभी भी वाल्मीकि बस्तियों में पक्के मकान, साफ पानी, अच्छे स्कूल नही दिए, सफाई कर्मचारियों के बच्चों के लिए आईआईटी, आईआईएम, मेडिकल कॉलेज में कोई विशेष गुणवत्ता वाली शिक्षा की व्यवस्था नहीं की।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस ने वाल्मीकि समाज को दलितों को वोट बैंक बना कर रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब रहो, हमारा वोट बैंक रहो वाली राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि एवं दलित समाज को सम्मान चाहिए, अधिकार चाहिए, आरक्षण के साथ अवसर चाहिए। बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा, सरकारी नौकरी में पदोन्नति, उद्यम के लिए लोन और स्वाभिमान चाहिए।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 35 ए हटा कर वाल्मीकि समाज के लिए कश्मीर में आरक्षण लाभ का द्वार खोला। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज किसी का वोट बैंक नहीं हैं। देश के निर्माता हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अब हम उसी को चुनेंगे जो हमें महर्षि वाल्मीकि मंदिर के साथ ही स्कूल कालेज भी दे, जो संतों का सम्मान भी करे और समाज का उत्थान भी।

इस मौके पर वीएचपी के दिल्ली प्रांत प्रमुख कपिल खन्ना, त्रिलोकपुरी से विधायक रविकांत रवि, दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा, निगम पार्षद विकास टांक, एनडीएमसी सदस्य अनिल कुमार भी इस शांति पूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी