home page

लाल किले से 'वंदे मातरम' की गूंज हर भारतीय के लिए गौरव का क्षणः हर्ष मल्होत्रा

 | 
लाल किले से 'वंदे मातरम' की गूंज हर भारतीय के लिए गौरव का क्षणः हर्ष मल्होत्रा


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के साथ सभी दिल्लीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मल्होत्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज पहली बार लाल किले से जब वंदे मातरम गूंजा तो हर भारतीय का दिल गौरवान्वित हो गया। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से देश की विगत 12 वर्ष की विकास उपलब्धियों पर चर्चा करने के साथ ही देश की महिलाओं से आरक्षण के माध्यम से राष्ट्र सेवा में भागीदारी देने से लेकर युवाओं से शिक्षा से लेकर रोजगार तक के नये अवसर देने तक पर संवाद किया जिसका पूरे देश ने स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि मोदी के आह्वान पर पार्टी के युवा कार्यकर्ता जनगणना कार्य में अपने परिवार से लेकर समाज तक में उचित जनगणना फार्म भरवाने का काम करेंगे।

कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी