home page

गोपाष्टमी गौमाता की रक्षा के लिए प्राणों का बलिदान देने वालों को याद करने का अवसर भी : विजेंद्र गुप्ता

 | 
गोपाष्टमी गौमाता की रक्षा के लिए प्राणों का बलिदान देने वालों को याद करने का अवसर भी : विजेंद्र गुप्ता


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि गोपाष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह गोमाता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले लोगों को याद करने का अवसर भी है।

गुप्ता ने मंगलवार को मयूर विहार फेज-1 में गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गोमाता के प्रति श्रद्धा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक पहचान, आध्यात्मिक परंपराओं और सभ्यतागत विरासत के साथ हमारे गहरे संबंध को भी प्रतिबिंबित करती है। सात नवंबर 1966 की घटनाओं का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष की गोपाष्टमी का विशेष ऐतिहासिक महत्व है, क्योंकि यह संसद के निकट गोहत्या पर देशव्यापी प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर हुए आंदोलन के छह दशक पूरे होने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि गोरक्षा के उद्देश्य से संघर्ष करते हुए संत-महात्माओं को कारावास, कानूनी कार्यवाहियों और अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा, “जब-जब समाज के समक्ष उसके गहरे मूल्यों और मान्यताओं को लेकर चुनौती उत्पन्न हुई है, तब-तब संतों और आध्यात्मिक गुरुओं ने असाधारण व्यक्तिगत त्याग और बलिदान के माध्यम से समाज की सामूहिक चेतना को जागृत किया है।”

उल्लेखनीय है कि गोपाष्टमी यह पर्व उस पावन अवसर की स्मृति में मनाया जाता है जब भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन में गायों की सेवा और देखभाल का दायित्व संभालना प्रारंभ किया था। यह बछड़ों की देखभाल से आगे बढ़कर गोपालक की जिम्मेदारी निभाने की उनकी यात्रा का प्रतीक है, जिसके लिए उन्हें गोप और गोविंद के रूप में श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के साथ गोमाता का यह पावन संबंध भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना में उनके शाश्वत महत्व को दर्शाता है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव