home page

नशे में धुत युवक हाई टेंशन खंभे पर चढ़ा

 | 

नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद स्थित गोपालपुर गांव में बुधवार सुबह फिल्मी स्टाइल में नशे में धुत एक युवक हाई टेंशन खंभे पर चढ़ गया। युवक चिल्ला-चिल्लाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। राहगीरों की जब उस पर नजर पड़ी तो लोगों के होश उड़ गए। युवक करीब 60-70 फीट ऊंचे खंभे पर था। तुरंत मामले की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची तिमारपुर थाना पुलिस ने युवक से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह कूदने की धमकी देने लगा। सारे हालात देखकर दमकल कर्मियों ने कनॉट प्लेस स्थित केंद्र से हाइड्रोलिक क्रेन वाली गाड़ी मौके पर मंगाई। बाद में करीब दो घंटे बाद युवक को सुरक्षित उतार लिया गया।

युवक को सकुशल उतारते ही मौजूद लोगों ने तालियां बजाना शुरू कर दीं। नीचे लाने के बाद जब युवक से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि पत्नी से झगड़ा करने के बाद वह आत्महत्या करने की नियत से खंभे पर चढ़ा था। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। युवक को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान मिंटू (26) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गोपालपुर गांव में रहता है और रिक्शा चालक है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि मिंटू को शराब पीने की लत है। इसकी वजह से अक्सर वह खुद पत्नी से झगड़ा करता रहता है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ और वह घर से निकल गया। पुलिस को सुबह करीब 8.46 बजे गोपालपुर सबवे के पास सीएनजी पंप के नजदीक युवक के हाईटेंशन खंभे पर चढ़े होने की खबर मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी