home page

कालकाजी में खिदमत रेस्टोरेंट के पास इमारत में लगी आग, आठ दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

 | 

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी इलाके में शुक्रवार सुबह खिदमत रेस्टोरेंट के पास स्थित एक इमारत की दूसरी मंजिल पर बने कार्यालयों में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:31 बजे नेहरू प्लेस क्षेत्र के ई-9, मुख्य सड़क, कालकाजी स्थित खिदमत रेस्टोरेंट के पास आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। आग इमारत की दूसरी मंजिल पर बने कार्यालयों में लगी थी।

आग की स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग ने बाद में पांच और गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। सुबह करीब 11:30 बजे आग पर काबू पाने की सूचना दी गई।

आग बुझाने के बाद भी दमकलकर्मी मौके पर कूलिंग का काम करते रहे, ताकि दोबारा आग लगने की आशंका को खत्म किया जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी